भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने रविवार को कांग्रेस की तरफ से देश के भावी प्रधानमंत्री के बताए
जा रहे राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल की क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा कि अच्छा हो एक बार वह प्रधानमंत्री बन जाएं ताकि देश की जनता भी देख ले कि उनमें देश की समस्याओं की कितनी समझ और उनके समाधान की कितनी क्षमता है। प्रसाद रविवार को यहां पत्रकारों से बात कर रहे थे। मुसलमानों को लेकर हो रही सियासत पर उन्होंने कहा कि सपा, बसपा व कांग्रेस केवल अल्पसंख्यकों का वोट पाने के लिए गोलबंदी कर रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सूबे की 20 करोड़ की आबादी में केवल अल्पसंख्यक ही मतदाता हैं।
सत्ता में आने पर यूपी के कुशासन को समाप्त करने का दावा करते हुए प्रसाद ने कहा हम सुशासन देंगे और सूबे के विकास के लिए आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराएंगे। मुस्लिम तुष्टीकरण का मसला उठाते हुए प्रसाद ने कहा कि अल्पसंख्यकों को दिया जाने वाला साढ़े चार प्रतिशत आरक्षण गैर संवैधानिक है। उन्होंने यह भी पूछा कि बाटला कांड पर दिग्विजय सिंह व चिदंबरम के परस्पर विरोधीबयानों पर राहुल और सोनिया खामोश क्यों हैं। प्रसाद ने मुलायम सिंह यादव के अल्पसंख्यकों को 18 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने की बात पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि वह आरक्षण कहां से देंगे। इस मसले पर मायावती की खामोशी को उन्होंने मौन स्वीकृति बताया।
प्रसाद ने मुसलमानों की बुनियादी समस्याओं को भी उठाया। सर्वे का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि मुसलमानों की सबसे अच्छी स्थिति भाजपा शासित प्रदेशों में है तथा सबसे खराब स्थिति बंगाल में है,जहां 30 वर्ष तक वामपंथी शासन है।

No comments:
Post a Comment